प्रधानमंत्री मोदी का राजस्थान में नया दौरा तय, 27 जुलाई को यहां करेंगे जनसभा

Spread the love

प्रधानमंत्री मोदी का राजस्थान में नया दौरा तय, 27 जुलाई को यहां करेंगे जनसभा

सीकर। नागौर के खरनाल में स्थगित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा सीकर में तय हुआ है। वे 27 जुलाई को जिला खेल स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम प्रणाम योजना की शुरुआत के साथ वे किसान सम्मान निधि की राशि भी अब यहीं से किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे। कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी मंगलवार को भाजपा प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा के साथ स्टेडियम का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी की सभा सुबह 11 बजे होगी। जिसमें वे एक बटन दबाकर किसानों के खाते में करीब 20 हजार करोड रुपए ट्रांसफर करेंगे। पीएम मोदी की सभा के लिए स्टेडियम में तीन हैलीपेड बनाए जाएंगे। वहीं, मंच की दिशा भी पिछली सभाओं के मुकाबले बदली जाएगी। इस बार मंच का मुंह सांवली की बजाय सीकर की तरफ होगा। इस दौरान सांसद सुमेधानंद सरस्वती, जिला प्रभारी दिनेश धाबाई, भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी सहित कई भाजपाई मौजूद रहे।

99 फीसदी योजना केंद्र की, भष्टाचारी हो रहे इकट्ठा
केंद्रीय मंत्री चौधरी ने इस दौरान राज्य सरकार के साथ बैंगलुरू में विपक्षी दलों की बैठक पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार व अपराध चरम पर है। जिन योजनाओं को राज्य सरकार गिना रही है, उनमें भी 99 फीसदी केंद्र सरकार की है। बैंगलुरू में विपक्ष के एकजुट होने के सवाल पर कहा कि बैठक में शामिल हो रहे दल अपने ही राज्यों तक सीमित व भ्रष्टाचार मेेंं लिप्त है, जो जेल जाने के डर से एकजुट हो रहे हैं। बोले, उन सबको जेल जाना होगा।