कानून मंत्री अर्जुनराम को भष्ट बताने वाले कैलाश मेघवाल को नोटिस, भाजपा ने 10 दिन में मांगा जवाब
जयपुर। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को भ्रष्ट बताने वाले भाजपा नेता को पार्टी ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल को नोटिस जारी कर पार्टी ने दस दिन के अंदर जवाब मांगा है। अनुशासनात्मक अनुशासन समिति ने नोटि जारी करते हुए कैलाश मेघवाल से पूछा कि क्यों ना आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
दरअसल, सोमवार को भाजपा विधायक कैलाश मेघवाल शाहपुरा पंचायत समिति के कोठिया ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मंसूरी समाज एवं कोठिया के ग्रामीणों की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान कैलाश मेघवाल ने कहा कि केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भ्रष्ट है।
जब वे कलेक्टर थे तब गरीब और अजा वर्ग के लोगों के साथ भ्रष्टाचार किया। उनके मुकदमें आज भी लंबित हैं। भ्रष्टाचार के कारनामों को दबाने के लिए वो भाजपा की राजनीति में आ गए और सांसद बन गए। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के बावजूद प्रधानमंत्री ने उनको कानून मंत्री बना दिया। कैलाश ने कहा कि वे इस संबंध में प्रधानमंत्री को पत्र लिख रहे हैं।
