भीषण सडक़ हादसा : खड़े ट्रेलर में घुसा टेंपो ट्रेवलर, 15 की मौत, बीकानेर में खिंचवाई फोटो आखिरी बनी

Spread the love

भीषण सडक़ हादसा : खड़े ट्रेलर में घुसा टेंपो ट्रेवलर, 15 की मौत, बीकानेर में खिंचवाई फोटो आखिरी बनी

जोधपुर। राजस्थान के फलोदी में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां बापिणी उपखंड क्षेत्र के मतोड़ा में टेंपो ट्रेवलर खड़े ट्रेलर में घुस गया। हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 2 महिलाएं घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मरने वालों में 4 बच्चे, ड्राइवर और 10 महिलाएं शामिल है।

जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रेवलर में सवार सभी लोग देवउठनी एकादशी पर जोधपुर के सूरसागर से कोलायत में कपिल मुनि के आश्रम में दर्शन करने के लिए गए थे। लौटते समय मतोड़ा थाना क्षेत्र में हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो ट्रेवलर का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

थाना अधिकारी अमानाराम ने बताया- शाम करीब 6.30 बजे भारत माला हाईवे पर हादसा हुआ। सड़क पर खड़े ट्रेलर में पीछे से टेंपो ट्रेवलर घुस गया। 2 घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। सभी शवों को ओसियां के सरकारी अस्पताल से जोधपुर भेजा गया है।

थानाधिकारी ने बताया- हादसे के बाद टेंपो ट्रेवलर में फंसे घायलों और शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उधर, सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे परिजन अपनों की लाशें देख बदहवास हो गए। कई परिजन बेहोश हो गए।

ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शी महिपाल सारण ने बताया- भारत माला हाईवे पर साइड में लोगों ने छोटे ढाबे खोल रखे हैं। ट्रेलर ढाबे के आगे खड़ा था। पीछे से तेज रफ्तार टेंपो ट्रेवलर अपनी लेन में चल रहा था और तीसरी लेन से आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से ट्रेवलर टकरा गया।

बीकानेर के कोलायत में कपिल मुनि के आश्रम में दर्शन करने के दौरान महिलाओं ने ग्रुप फोटो खिंचवाया था। साथ में बच्चे भी थे।

बीकानेर के कोलायत में कपिल मुनि के आश्रम में दर्शन करने के दौरान महिलाओं ने ग्रुप फोटो खिंचवाया था। साथ में बच्चे भी थे।

 

पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा- राजस्थान के फलोदी जिले में हुए एक हादसे में हुई जान-माल की हानि से दुखी हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

सीएम भजनलाल शर्मा ने हादसे पर जताया दुख
सीएम भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा- फलोदी के मतोडा क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
जिला प्रशासन के अधिकारियों को सभी घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए गए हैं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे बोलीं-हादसा हृदय विदारक
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने फलोदी में हुए हादसे को लेकर X पर पोस्ट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा-फलोदी के मतोड़ा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें, शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें।