
गमगीन माहौल में ताजिये सुपुर्द ए खाक
बीकानेर। हजरत इमाम हुसैन की याद में शनिवार शाम गमगीन माहौल में ताजिये ठंडे किए गए। नम आंखों से ताजियों को अंतिम विदाई दी गई। आशूरा का रोजा रखा गया और नवाफिल पढ़े। घरों में हलवा, पूड़ी बनाए गए और ताजियों पर चढ़ाए गए। सुबह ताजिये अपने क्षेत्रों में गश्त पर निकले। मर्सिया पढ़ी गई। दिनभर जियारत के बाद शाम को जब ताजियों के उठने का समय आया तो अकीदतमन्दों की आंखें भर आई।
मोहल्ला चूनगरान से शुरू हुआ ताजियों का जुलूस ब्रह्मपुरी चौक, सोनगिरि कुआं होते हुए दाऊजी रोड पहुंचा। वहां आसपास के इलाकों के ताजिये शामिल हो गए। जुलूस में अलम भी शामिल थे। ढोल-ताशों के अखाड़ों के साथ जुलूस मोहल्ला व्यापारियान होते हुए बड़ी कर्बला पहुंचा, जहां अन्य क्षेत्रों के ताजिये शामिल हो गए। बड़ी कर्बला में मातमी माहौल में ताजिये ठंडे किए गए। ताजियों की जुलूस के दौरान पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए।
